फर्जी टीटी आईडी बनाकर युवक को किया गुमराह, आरोपी गिरफ्तार, फर्जी आईडी कार्ड भी बरामद
आजमगढ़। जनपद के थाना कन्धरापुर पुलिस ने नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने युवक को रेलवे में टीटी की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे करीब 9 लाख 63 हजार 500 रुपये हड़प लिये थे। विश्वास दिलाने के लिए उसने फर्जी टीटी आईडी कार्ड भी तैयार कर दिया था। पुलिस के अनुसार, ग्राम इसहाकपुर निवासी जनार्दन यादव ने 7 मई 2026 को थाना कन्धरापुर में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनके पुत्र अमन को टीटी के पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक निवासी कमला नगर कॉलोनी, थाना लालपुर पाण्डेयपुर, वाराणसी ने कई किस्तों में कुल 9.63 लाख रुपये ले लिये। जब रुपये वापस मांगे गये तो आरोपी गाली-गलौज करने लगा। इस मामले में थाना कन्धरापुर पर विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना की जा रही थी। गुरुवार को उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया मय पुलिस टीम ने आरोपी अमित कुमार श्रीवास्तव उर्फ दीपक को भवरनाथ-वाराणसी हाईवे तिराहे से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए आरोपी को न्यायालय भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्त वाराणसी के कमला नगर कॉलोनी का निवासी बताया गया है। पुलिस टीम में उ0नि0 प्रमोद कुमार मद्धेशिया, रि0का0 नीरज कुमार यादव तथा रि0का0 अभिषेक कुमार गौड़ शामिल रहे। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति को धनराशि देने से पहले उसकी सत्यता की अच्छी तरह जांच-पड़ताल अवश्य कर लें।






