आजमगढ़ : कंटीले तार में घुसी बाइक; युवक की मौत

Youth India Times
By -
0







तेरहवीं कार्यक्रम से लौट रहे थे तीनों युवक, दो अन्य घायल
आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के सुक्खीपुर अंडरपास के पास मंगलवार देर रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार गौरीबड़ा थाना कटका जनपद अंबेडकर नगर निवासी राहुल गौड़ (32) पुत्र रामनयन गौड़, दिनेश (38) पुत्र मक्खन तथा हरिओम (32) पुत्र रामजीत बुधवार रात लगभग 9:30 बजे अपने रिश्तेदार के यहां मड़ौही गांव में आयोजित तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल होकर बाइक से वापस घर लौट रहे थे। मृतक के परिजन संदेश गौड़ ने बताया कि जैसे ही उनकी बाइक अतरौलिया क्षेत्र के सुक्खीपुर अंडरपास के पास पहुंची, अचानक अनियंत्रित होकर सर्विस रोड के किनारे लगे कंटीले तार में जा घुसी। हादसे में बाइक पर सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से दूसरी बाइक पर आ रहे परिजनों ने तत्काल सभी घायलों को अतरौलिया स्थित सौ शैय्या संयुक्त चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान राहुल गौड़ की मौत हो गई। वहीं घायल दिनेश का इलाज सौ शैय्या अस्पताल में चल रहा है, जबकि हरिओम का उपचार अतरौलिया के एक निजी अस्पताल में कराया जा रहा है। बताया गया कि राहुल गौड़ की शादी चार वर्ष पूर्व कुसुम के साथ हुई थी। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। राहुल अपने पीछे पत्नी कुसुम, दो वर्षीय पुत्री रक्षा और छह माह के पुत्र कार्तिक को छोड़ गया है। घटना की सूचना मिलते ही मृतक की मां विन्दु और पत्नी कुसुम का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। थानाध्यक्ष देवेन्द्र नाथ दुबे ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)