प्रबंधक के बेटे ने अपने ही स्कूल में लगाई फांसी

Youth India Times
By -
0




मोबाइल स्टेटस पर मिला दो पन्नों का सुसाइड नोट, पुलिस ने शुरू की जांच

गोरखपुर। यूपी के गोरखपुर जिले के चौरी चौरा थाना क्षेत्र स्थित इब्राहिमपुर गांव में एक शिक्षक ने कॉलेज परिसर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। रविवार सुबह कमरे का दरवाजा तोड़कर अंदर पहुंचे परिजनों ने शव को पंखे की कुंडी से लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतक के मोबाइल फोन में मिले दो पन्नों के सुसाइड नोट में उसने अपनी मौत के लिए प्रेमिका और उसके परिवार को जिम्मेदार ठहराया है। जानकारी के अनुसार इब्राहिमपुर निवासी दिनेश सिंह गांव के पूर्व प्रधान हैं और उनकी पत्नी के नाम से संचालित इंटर कॉलेज के प्रबंधक हैं। उनका पुत्र धीरज सिंह (30) उसी कॉलेज में शिक्षक था। शनिवार रात भोजन करने के बाद धीरज कॉलेज परिसर में बने कमरे में सोने चला गया था। रविवार सुबह जब काफी देर तक वह बाहर नहीं निकला तो उसका भाई जगाने पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद होने पर परिजनों ने उसे तोड़ा, जहां धीरज का शव रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही चौरी चौरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जरूरी साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस के अनुसार धीरज अविवाहित था और चार भाइयों में सबसे बड़ा था। जांच के दौरान पुलिस ने मृतक का मोबाइल फोन कब्जे में लिया, जिसमें स्टेटस पर लिखा दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला। नोट में धीरज ने एक युवती, उसके पिता और मौसी के बेटे पर मानसिक प्रताड़ना और जानमाल की धमकी देने का आरोप लगाया है। उसने यह भी लिखा कि युवती के परिवार ने शादी का भरोसा दिया था, लेकिन बाद में उसकी शादी कहीं और कर दी गई। सुसाइड नोट में धोखा और ब्लैकमेल किए जाने जैसी बातें भी सामने आई हैं। पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि जिस युवती से धीरज का प्रेम संबंध था, वह उसी कॉलेज में कार्यरत थी। अब पुलिस युवती और उसके परिवार से पूछताछ की तैयारी कर रही है। इस मामले में एसपी नार्थ ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि युवक के मोबाइल से मिले सुसाइड नोट के आधार पर जांच की जा रही है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)