सीमांकन के दौरान महिलाओं पर जरीब छीनने और सरकारी दस्तावेज लेकर घर में जाने का आरोप
आजमगढ़। सदर तहसील के नरौली मंडल में तैनात लेखपाल कुलदीप यादव ने थाना सिधारी में तहरीर देकर सरकारी कार्य में बाधा डालने, अभद्रता करने और सीमांकन कार्य रोकने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। तहरीर के अनुसार, संदीप पुत्र मोतीलाल निवासी बदरका शहर, आजमगढ़ के प्रार्थना पत्र पर मंडलायुक्त आजमगढ़ एवं उपजिलाधिकारी सदर के आदेश के अनुपालन में 10 मई 2026 को लेखपाल कुलदीप यादव राजस्व निरीक्षक नगर के साथ जरीब व अभिलेख लेकर मौके पर सीमा निर्धारण हेतु पहुंचे थे। आरोप है कि जैसे ही सीमांकन के लिए जरीब खोली गई, तभी सफुद्दीनपुर निवासी मालती देवी पत्नी लालचंद एवं एक अन्य महिला, जिसने स्वयं को उनकी पुत्री बताया, मौके पर पहुंच गईं। दोनों महिलाओं ने कथित रूप से जरीब छीन ली और उसे अपने घर में लेकर चली गईं। लेखपाल ने आरोप लगाया कि दोनों महिलाओं ने उनके तथा राजस्व निरीक्षक के साथ दुर्व्यवहार किया और सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न की। मामले में थाना सिधारी में तहरीर देकर उचित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की गई है।






