देवरिया, जौनपुर, मऊ समेत कई जिलों में नए जिलाधिकारी तैनात, कई वरिष्ठ अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार ने रविवार देर रात बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 38 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस दौरान 8 जिलों देवरिया, जौनपुर, मऊ, महराजगंज, फिरोजाबाद, मुरादाबाद, संभल और प्रतापगढ़ में नए जिलाधिकारियों की तैनाती की गई है। जारी आदेश के अनुसार, मधुसूदन हुल्गी को देवरिया, सैमुअल पाल एन को जौनपुर, आनंद वर्धन को मऊ और गौरव सिंह सोगरवाल को महराजगंज का जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं संतोष कुमार शर्मा को फिरोजाबाद, राजेंद्र पेंसिया को मुरादाबाद, अंकित खंडेलवाल को संभल और अभिषेक पांडेय को प्रतापगढ़ का डीएम नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, शिव सहाय अवस्थी को प्रतापगढ़ से हटाकर उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण का मुख्य कार्यपालक अधिकारी बनाया गया है, जबकि अनुज सिंह को विशेष सचिव मुख्यमंत्री के पद पर तैनाती मिली है। अभिनव गोयल को गोरखपुर विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और अजय जैन को नगर आयुक्त गोरखपुर बनाया गया है। स्वास्थ्य, वित्त और राजस्व समेत कई विभागों में भी बदलाव किए गए हैं। डॉ. अल्का वर्मा को विशेष सचिव वित्त एवं रजिस्ट्रार चिट्स एवं सोसायटी, जबकि निधि बंसल को चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं विभाग में निदेशक (प्रशासन) बनाया गया है। वहीं डॉ. दिनेश चंद्र, प्रवीण मिश्रा और रमेश रंजन को क्रमशः लोक निर्माण, समाज कल्याण और राजस्व परिषद में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दिव्या मित्तल, चंद्र शेखर और नेहा जैन को भी विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर तैनात किया गया है। महिला कल्याण, चीनी उद्योग, आयुष और कार्मिक विभागों में भी बड़े स्तर पर फेरबदल हुआ है। कई अधिकारियों को विशेष सचिव, प्रबंध निदेशक और सदस्य (न्यायिक) जैसे पदों पर नई जिम्मेदारी दी गई है। तकनीकी इस्तीफा देने वाले रिंकू सिंह राही का इस्तीफा वापस लेते हुए उन्हें जालौन में संयुक्त मजिस्ट्रेट के पद पर तैनात किया गया है। इसके साथ ही विभिन्न जिलों में मुख्य विकास अधिकारियों के पदों पर भी नए अधिकारियों की तैनाती की गई है, जिससे प्रशासनिक कार्यों में तेजी और प्रभावशीलता लाने की उम्मीद जताई जा रही है।






