शादी से इनकार पर प्रेमिका की किया ह..त्या, फिर खुद फंदे पर झूला

Youth India Times
By -
0




कमरे में मिले दोनों के शव, पुलिस जांच जारी; पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

वृंदावन। वृंदावन के दुर्गापुरम कॉलोनी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां शादी से इनकार पर प्रेमी ने अपनी प्रेमिका की गला घोंटकर हत्या कर दी और बाद में खुद फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार रात दोनों के शव एक बंद कमरे में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय राधिका चौधरी, जो थाना जमुनापार क्षेत्र के लक्ष्मीनगर की रहने वाली थी, पिछले चार-पांच वर्षों से वृंदावन में किराये पर रह रही थी। तलाक के बाद वह अकेले रह रही थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात छाता थाना क्षेत्र के तरौली गांव निवासी 24 वर्षीय सुभाष ठाकुर से हुई। दोनों के बीच करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। बताया जा रहा है कि सुभाष राधिका पर शादी का दबाव बना रहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। शुक्रवार को भी इसी बात को लेकर दोनों में कहासुनी हुई। आशंका है कि विवाद के दौरान सुभाष ने पहले राधिका की गला दबाकर हत्या कर दी और फिर खुद पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी। घटना का खुलासा तब हुआ जब काफी देर तक कमरे से कोई आवाज नहीं आने पर पड़ोसियों को शक हुआ। उन्होंने खिड़की से झांककर देखा तो युवक फंदे से लटका दिखाई दिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां युवक का शव पंखे से लटका हुआ मिला, जबकि युवती का शव बेड पर पड़ा था। सूचना पर फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए गए। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंधों में विवाद का सामने आया है, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)