आजमगढ़ पुलिस का साइबर ठगी नेटवर्क पर बड़ा प्रहार, 448 शिकायतों से जुड़े गिरोह का भंडाफोड़

Youth India Times
By -
0





फर्जी फर्मों और म्यूल खातों के जरिए करोड़ों की ठगी करने वाले 4 आरोपी गिरफ्तार, ₹10 लाख की रकम फ्रीज

आजमगढ़। साइबर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान "साइबर ठगी के जड़ में वार" के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। साइबर सेल और अहरौला पुलिस की संयुक्त टीम ने देशभर में साइबर ठगी से जुड़े एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। जांच में इनके बैंक खातों से जुड़ी 448 साइबर शिकायतें सामने आई हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) चिराग जैन की निगरानी में हुई कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पाया कि फर्जी फर्मों के नाम पर खोले गए बैंक खातों का उपयोग साइबर ठगी से प्राप्त धनराशि के लेन-देन के लिए किया जा रहा था। एक खाते में मात्र तीन दिनों में करीब 40 लाख रुपये का संदिग्ध लेन-देन भी सामने आया। पुलिस ने तकनीकी एवं वित्तीय जांच के आधार पर दुर्वासा मंदिर के पास घेराबंदी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान लगभग 10 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़ी धनराशि फ्रीज कराई गई। आरोपियों के कब्जे से एटीएम कार्ड, फर्जी आधार, पैन व वोटर आईडी, कूटरचित मुहरें, विदेशी सिम कार्ड, मोबाइल फोन, ब्लैंक चेक, एक महिंद्रा थार रॉक्स और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस के अनुसार गिरोह भोले-भाले लोगों के नाम पर फर्म और बैंक खाते खुलवाकर उनके दस्तावेज अपने कब्जे में ले लेता था और उन्हीं खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम का लेन-देन करता था। मामले में थाना अहरौला में संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)