आजमगढ़ में विश्वविद्यालय निर्माण करने वाली कंपनी पर 11.71 करोड़ की टैक्स चोरी का नोटिस

Youth India Times
By -
0




जीएसटी जांच में खुलासा, डायरेक्टर को एक सप्ताह में अभिलेख के साथ पेश होने का निर्देश

आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय के निर्माण से जुड़ी कंपनी पर 11.71 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला सामने आया है। जीएसटी विभाग की जांच में अनियमितताएं पाए जाने के बाद कंपनी को नोटिस जारी किया गया है। जीएसटी विभाग के असिस्टेंट कमिश्नर मैनेजर चौरसिया और निधि श्रीवास्तव के अनुसार, विश्वविद्यालय का निर्माण डायनका इंडस्ट्रीज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड, अहमदाबाद द्वारा कराया गया था। कंपनी ने वर्ष 2022-23 में उत्तर प्रदेश में कार्य करने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया और करीब 108 करोड़ रुपये की लागत से विश्वविद्यालय निर्माण का ठेका लिया। जांच के दौरान जीएसटी पोर्टल पर उपलब्ध अभिलेखों की समीक्षा में पाया गया कि कंपनी ने निर्माण कार्य तो किया, लेकिन देय टैक्स जमा नहीं किया। इस आधार पर 11.71 करोड़ रुपये की टैक्स चोरी का मामला दर्ज करते हुए नोटिस जारी किया गया है। विभाग ने कंपनी के डायरेक्टर को निर्देश दिया है कि वे एक सप्ताह के भीतर सभी आवश्यक अभिलेखों के साथ उपस्थित होकर अपना पक्ष रखें। बताया गया कि कंपनी के डायरेक्टर मूल रूप से बुलंदशहर के निवासी हैं और कंपनी का रजिस्ट्रेशन अहमदाबाद में कराया गया था। वर्तमान में कंपनी मेरठ और हाथरस समेत अन्य जिलों में पीडब्ल्यूडी के कार्य भी कर रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)