भीषण सड़क हादसा: दबिश देने गई पुलिस के 4 जवान समेत 5 की मौत

Youth India Times
By -
0





आमने-सामने की टक्कर में दर्दनाक हादसा; कई जिलों में शोक की लहर
जालौन। अपहरण के एक मामले में कार्रवाई करने हरियाणा गई कोतवाली उरई पुलिस टीम मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। नूंह जनपद के तावड़ू सदर थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में चार पुलिसकर्मियों समेत एक वादी की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में शोक की लहर दौड़ गई। मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली उरई में दर्ज अपहरण मामले में अपहृत व्यक्ति की बरामदगी के लिए पुलिस टीम हरियाणा रवाना हुई थी। टीम आरोपियों की तलाश में तावड़ू क्षेत्र पहुंची थी, तभी मंगलवार सुबह करीब 10 बजे उनकी गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। बताया जा रहा है कि ओवरटेक के दौरान वाहन अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे वाहन से टकरा गया, जिससे यह दर्दनाक दुर्घटना हुई। हादसे में उपनिरीक्षक सत्यभान सिंह, उपनिरीक्षक मोहित कुमार यादव, आरक्षी प्रदीप कुमार (सर्विलांस सेल) और आरक्षी अशोक कुमार (कोतवाली उरई) की मौके पर ही मौत हो गई। इसके अलावा मुकदमे के वादी अमरीक सिंह निवासी संगरूर (पंजाब) ने भी दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस द्वारा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवा दिया गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद उरई समेत पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। जालौन के पुलिस अधीक्षक विनय कुमार सिंह ने बताया कि एक मामले में दबिश देने गई पुलिस टीम हादसे का शिकार हुई, जिसमें चार पुलिसकर्मियों व एक वादी की मौत हो गई। एक साथ पांच लोगों की मौत से जालौन समेत कन्नौज, कासगंज, रायबरेली और बांदा में भी शोक की लहर है। मृतकों के घरों पर मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)