संगठित चोरी गिरोहों पर शिकंजा, 39 मुकदमों में वांछित अभियुक्त भेजे गए जेल
आजमगढ़। जनपद में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में थाना जीयनपुर और थाना निजामाबाद पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित कुल सात शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार अभियुक्त लंबे समय से चोरी, जेवर चोरी और संगठित आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त थे तथा इनके खिलाफ विभिन्न थानों में कुल 39 मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार थाना जीयनपुर पुलिस ने जेवर चोरी एवं संगठित अपराध से जुड़े गिरोह के तीन सदस्यों जयभीम, राजन कुमार और सुरेन्द्र कुमार को गिरफ्तार किया। वहीं थाना निजामाबाद पुलिस ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले गिरोह के चार अभियुक्तों रोहित चौहान, राहुल चौहान, अभिषेक चौहान और संदीप कुमार को गिरफ्तार किया। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक गिरफ्तार अभियुक्तों पर चोरी, जेवर चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम तथा बीएनएस एवं भादवि की विभिन्न गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। अभियुक्त रोहित चौहान पर सर्वाधिक 15 मुकदमे दर्ज हैं, जबकि राहुल चौहान और अभिषेक चौहान पर पांच-पांच, संदीप कुमार पर छह, सुरेन्द्र कुमार पर चार तथा जयभीम और राजन कुमार पर तीन-तीन मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दोनों गिरोहों के खिलाफ जिलाधिकारी की ओर से गैंगचार्ट अनुमोदित किए जाने के बाद संबंधित थानों में गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमे दर्ज किए गए थे। इसके बाद पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया। इस कार्रवाई में थाना जीयनपुर पुलिस टीम से वरिष्ठ उपनिरीक्षक परमात्मा मिश्रा, कांस्टेबल अक्षय प्रसाद, अवधेश कुशवाहा और प्रदुम्न यादव शामिल रहे। वहीं थाना निजामाबाद पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राजनरायण पाण्डेय, कांस्टेबल दीपक कुमार पासवान, मुकेश विश्वकर्मा, महिला कांस्टेबल सुमन सिंह, आरक्षी कुलदीप सिंह तथा महिला आरक्षी मेनका जायसवाल शामिल रहीं। आजमगढ़ पुलिस ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा संगठित अपराध में शामिल तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।






