मीडिया के सामने आए परिवार वाले, कहा सोशल मीडिया पर गलत नैरेटिव फैलाया गया
पुरानी रंजिश में हुई फायरिंग, गैंगवार की खबरों को बताया भ्रामक
आजमगढ़। अमरेश सिंह पर हुए जानलेवा हमले के मामले में नया मोड़ सामने आया है। घायल अमरेश सिंह के भाई मानवेंद्र सिंह और पिता अनिल सिंह ने मीडिया के सामने आकर घटना को लेकर अपनी बात रखी तथा सोशल मीडिया पर चल रही ‘गैंगवार’ की खबरों को पूरी तरह भ्रामक बताया। परिवार की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 17 मई की रात लगभग 9 बजे अमरेश सिंह ‘नेता जी के यहां चिरैयाकोट से तेरही कार्यक्रम’ में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में कार सवार अमन सिंह ने उनकी गाड़ी रोककर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। बताया गया कि अमरेश स्वयं वाहन चला रहे थे और उनके पास कोई असलहा नहीं था। कार में उनके कुछ रिश्तेदार और दोस्त भी मौजूद थे। परिवार का आरोप है कि हमलावरों ने लगभग एक दर्जन राउंड फायरिंग की, जिसमें अमरेश सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि साथ बैठे अन्य लोगों को गोलियां छूकर निकल गईं। घायल अवस्था में उनके दोस्तों ने उन्हें तत्काल वेदांत हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां उनका इलाज ICU में चल रहा है। परिवार के अनुसार, एक गोली अब तक शरीर से नहीं निकाली जा सकी है। मानवेंद्र सिंह ने कहा कि कुछ विरोधी तत्व इस घटना को सोशल मीडिया पर ‘गैंगवार’ बताकर गलत नैरेटिव फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जबकि यह पूरी तरह तथ्यहीन है। उन्होंने बताया कि अमरेश सिंह और अमन सिंह के बीच करण यादव पर चली गोली को लेकर पुराना विवाद था। आरोप लगाया कि अमन सिंह लगातार समझौते का दबाव बना रहा था और धमकी भी दी गई थी कि “अगर समझौता नहीं करवाओगे तो नहीं छोड़ेंगे।” परिवार ने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो वर्ष 2025 में अध्यक्ष जी के स्वागत कार्यक्रम का है, जिसका इस घटना से कोई संबंध नहीं है। मानवेंद्र सिंह के अनुसार, इस मामले का संज्ञान SP ग्रामीण द्वारा भी लिया जा चुका है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग करते हुए न्याय की गुहार लगाई है।






