5 करोड़ की रंगदारी और हत्या के प्रयास में था वांछित, कई जिलों में दर्ज थे कुल 36 संगीन मुकदमे
मुरादाबाद। यूपी एसटीएफ और मुरादाबाद पुलिस ने बुधवार को संयुक्त ऑपरेशन में कुख्यात उधम सिंह गैंग के शार्प शूटर आशु चड्ढा उर्फ मोंटी को मुठभेड़ में मार गिराया। 50 हजार रुपये का इनामी मोंटी शहर के एक निर्यातक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित चल रहा था। सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में पोस्टमार्टम हाउस के पास हुई इस मुठभेड़ में घायल बदमाश को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ गाजियाबाद, हापुड़, मेरठ, बुलंदशहर और मुरादाबाद समेत कई जिलों में कुल 36 संगीन मुकदमे दर्ज थे। एसएसपी सतपाल अंतिल ने बताया कि मोंटी (निवासी मीरपुर कला, हापुड़) पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात अपराधी था। हाल ही में उसने मुरादाबाद के एक प्रतिष्ठित निर्यातक से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी और उन पर जानलेवा हमला भी किया था। इसके बाद से एसटीएफ मेरठ फील्ड यूनिट और स्थानीय पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। बुधवार को सटीक सूचना पर संयुक्त टीम ने इलाके में घेराबंदी की। खुद को घिरता देख बदमाश ने पुलिस टीम पर अत्याधुनिक हथियारों से ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस के मुताबिक, आशु चड्ढा का आपराधिक इतिहास वर्ष 2010 से शुरू हुआ था। जेल में ही उसका संपर्क उधम सिंह गैंग से हुआ और जमानत पर बाहर आने के बाद वह गैंग का सक्रिय सदस्य बन गया। इसके बाद उसने हत्या, लूट, डकैती और गैंगस्टर एक्ट जैसे गंभीर अपराधों को अंजाम दिया। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक स्विफ्ट कार, .32 बोर की पिस्टल, .32 बोर की रिवॉल्वर और 12 बोर की बंदूक बरामद की है। इसके अलावा बड़ी संख्या में खोखा और जिंदा कारतूस भी मिले हैं, जिससे स्पष्ट है कि बदमाश पुलिस से मुकाबले की पूरी तैयारी के साथ आया था।






