आजमगढ़ : झंडा बदलने पर बवाल, दो पक्षों में पथराव; भारी पुलिस बल तैनात

Youth India Times
By -
0





वीएचपी का ध्वज हटाकर भीम आर्मी का झंडा लगाने से भड़का विवाद, सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस
आजमगढ़। जनपद के मेंहनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत गोपालपुर स्थित गौतम नगर चट्टी पर रविवार सुबह एक धार्मिक-सामाजिक प्रतीक से जुड़े विवाद ने अचानक तनावपूर्ण रूप ले लिया। स्वर्गीय बाबू उदय सिंह स्मृति द्वार पर लगे विश्व हिंदू परिषद (वीएचपी) के ध्वज को हटाकर कुछ युवकों द्वारा भीम आर्मी का झंडा लगा देने से दो पक्षों के बीच टकराव हो गया, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह लगभग 9:15 बजे ग्रामीणों की नजर स्मृति द्वार पर लगे बदले हुए झंडे पर पड़ी। इस पर स्थानीय लोगों ने आपत्ति जताई, जिसके बाद मौके पर मौजूद दूसरे पक्ष के लोगों से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की के साथ मारपीट होने लगी। घटना की सूचना मिलते ही मेंहनगर थाने के प्रभारी निरीक्षक निहार नंदन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराने की कोशिश की, लेकिन हालात बिगड़ते चले गए और पुलिस की मौजूदगी में ही दोनों पक्षों के बीच जमकर ईंट-पत्थर चलने लगे। स्थिति को गंभीर होता देख अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। इसके बाद क्षेत्र के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को काबू में किया। म्ैघटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी लालगंज भूपेश पांडेय, एसडीएम प्रशांत कुमार सहित देवगांव और तरवां थाने की पुलिस भी मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और किसी तरह दोनों पक्षों को अलग कर तनाव को नियंत्रित किया। पुलिस ने तत्काल स्मृति द्वार से भीम आर्मी का झंडा हटवाकर स्थिति को और बिगड़ने से रोका। एसपी सिटी मधुबन कुमार सिंह के अनुसार, झंडा हटाने और लगाने में शामिल युवकों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है, लेकिन पुलिस अपने स्तर से मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की तैयारी कर रही है। घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। साथ ही, लगातार गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि घटना में शामिल शरारती तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)