बोलेरो सवार बदमाशों पर जेवर-नकदी लूटने का आरोप, पति ने जताई अनहोनी की आशंका
आजमगढ़। अहरौला थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव से एक महिला और उसके साढ़े तीन साल के मासूम बेटे के अपहरण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़ित पति ने आरोप लगाया है कि देर रात कुछ लोग घर में घुस आए और जबरन उसकी पत्नी व बच्चे को उठाकर ले गए, साथ ही लाखों रुपये के जेवर और नकदी भी लूट ले गए। पीड़ित जाकिर हुसैन के अनुसार उसकी शादी वर्ष 2016 में फूलपुर कोतवाली क्षेत्र की निवासी सबा बानो से हुई थी। बीती 6 अप्रैल की रात करीब 12:30 बजे बोलेरो सवार दो लोग उसके घर पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने जबरन गेट खुलवाया और घर के अंदर घुस गए। इसके बाद अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवर और करीब 30 हजार रुपये नकद लूट लिए। जाकिर हुसैन का कहना है कि घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं था और पूरी घटना की जानकारी उसे उसकी मां ने दी। आरोपियों ने उसकी पत्नी और साढ़े तीन साल के बेटे को जबरन अपने साथ ले गए। पीड़ित ने मेंहनगर क्षेत्र के एक युवक पर अपहरण की आशंका जताई है और पत्नी व बच्चे की हत्या की भी आशंका व्यक्त की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अहरौला थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पुलिस टीम महिला व बच्चे की सकुशल बरामदगी तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयासरत है।






