नशे की हालत में युवक ने किया कृत्य, पुलिस की त्वरित कार्रवाई से टला विवाद
आजमगढ़। जिले के सिधारी थाना क्षेत्र में धार्मिक माहौल बिगाड़ने की कोशिश का मामला सामने आया है। घटना 5 अप्रैल 2026 की रात करीब 10 बजे की है, जब कस्बा स्थित एक मस्जिद के गेट पर एक युवक ने नशे की हालत में शराब पीकर खाली बोतल फेंक दी। बताया गया कि आरोपी विक्रांत सिंह पुत्र अशोक कुमार सिंह, निवासी खैरातपुर (थाना सिधारी) ने यह हरकत की, जिससे स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी नगर और थाना प्रभारी सिधारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को संभालते हुए लोगों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी के खिलाफ थाना सिधारी में मु0अ0सं0 109/2026 के तहत धारा 298 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया। तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है। पुलिस का कहना है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाती रहेगी।






