आजमगढ़ : पोखरे में मिला मजदूर का शव, गांव में फैली सनसनी

Youth India Times
By -
0




सोमवार शाम से हुए थे लापता, परिजनों ने रात भर की तलाश, पुलिस जांच में जुटी

रिपोर्ट : आरपी सिंह
फूलपुर (आजमगढ़)। स्थानीय थाना क्षेत्र के शहजेरपुर गांव निवासी अच्छेलाल राजभर (60) का शव मंगलवार सुबह गांव के पक्के पोखरे में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। वह सोमवार की शाम घर से शहजेरपुर पुरवा चौराहे के लिए निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। परिजनों ने रातभर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने पोखरे के पास उनकी चप्पल और चुनौटी देखी, जिससे अनहोनी की आशंका बढ़ गई। इसके बाद परिजन और ग्रामीण पोखरे में खोजबीन करने लगे। काफी प्रयास के बाद पोखरे के पूर्वी हिस्से में उनका शव मिला। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोखरे से बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है। बताया गया कि मृतक मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पांच बेटे और चार बेटियां हैं, जिनमें से तीन बेटों की शादी अभी बाकी है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर व्याप्त है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)