आज़मगढ़ : महात्मा फुले के विचार आज भी सामाजिक न्याय और समानता के लिए प्रेरणास्रोत : धर्मेंद्र यादव

Youth India Times
By -
0





सपा कार्यालय पर मनाई गई महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती

आजमगढ़। समाजवादी पार्टी कार्यालय पर महात्मा ज्योतिबा राव फुले की जयंती उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने उनके जीवन और विचारों को याद करते हुए सामाजिक न्याय और समानता के प्रति उनके योगदान को रेखांकित किया। कार्यक्रम में विचार व्यक्त करते हुए लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक धर्मेंद्र यादव सांसद ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा राव फुले का जीवन अत्यंत प्रेरणादायक रहा है। उन्होंने जाति और लिंग आधारित भेदभाव के खिलाफ आवाज उठाई तथा महिलाओं की शिक्षा और समान अधिकारों के लिए संघर्ष किया। “सत्यशोधक समाज” की स्थापना कर उन्होंने सामाजिक परिवर्तन की मजबूत नींव रखी, जो आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि ऐसे महापुरुषों के संघर्ष और विचारों से प्रेरणा लेकर बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने दलितों और पिछड़ों को संविधान में अधिकार दिलाने का कार्य किया। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान भाजपा सरकार संविधान और लोकतंत्र के मूल्यों को कमजोर कर सामंतवादी व्यवस्था स्थापित करना चाहती है। वक्ताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) को संगठित करने का संकल्प लिया है और वर्ष 2027 में भाजपा की नीतियों को पराजित कर सामाजिक न्याय की स्थापना का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा। समाजवादी विचारक जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि फुले ने अपने समय में मनुवादी व्यवस्थाओं को चुनौती दी और अंधविश्वास के खिलाफ जनजागरण किया। महिलाओं की शिक्षा के लिए स्कूल खोलकर उन्होंने नई दिशा दी, जिसमें उनकी पत्नी सावित्रीबाई फुले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री दुर्गा प्रसाद यादव, विधायक डॉ. संग्राम यादव, पूजा सरोज, जिला पंचायत अध्यक्ष विजय यादव, पूर्व सांसद नंदकिशोर यादव सहित कई नेताओं ने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने की, जबकि संचालन सपा अनुसूचित जाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय सचिव अजीत कुमार राव ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी के नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)