आजमगढ़। पूर्वांचल की प्रतिभा एक बार फिर राष्ट्रीय स्तर पर चमकी है। जनपद की होनहार बिटिया तान्या श्रीवास्तव ने मुंबई में आयोजित नेशनल इंस्टिट्यूट ऑफ फैशन के कार्यक्रम में अपनी रचनात्मकता और डिजाइनिंग कौशल से सभी का ध्यान आकर्षित किया। इस दौरान उन्होंने जानी-मानी फैशन डिजाइनर और फिल्म अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना के साथ मंच साझा कर युवाओं की संस्कृति, फैशन और आत्म-अभिव्यक्ति को नया आयाम दिया। कार्यक्रम में फैशन संस्थान के प्रमुख ममता गौतम और विवेक गौतम ने बताया कि यह आयोजन कला और फैशन के संगम का एक महत्वपूर्ण मंच है, जहां विभिन्न सामग्रियों, तकनीकों और कलात्मक प्रयोगों के माध्यम से दर्शकों को एक अनूठा अनुभव प्रदान किया जाता है। यह त्रि-आयामी कला का ऐसा रूप है, जो लोगों को एक विशेष वातावरण में ले जाकर सोचने और महसूस करने के लिए प्रेरित करता है। इंटरनेशनल फेस्टिवल डायरेक्टर अरविंद चित्रांश के अनुसार, इस प्रस्तुति में वस्तुओं के संयोजन के साथ प्रकाश और ध्वनि का विशेष उपयोग किया गया, जिससे दर्शकों को गहन कलात्मक अनुभव प्राप्त हुआ। कार्यक्रम में तान्या श्रीवास्तव के साथ रिद्धेश टंडेल, आशना सोनी, पार्थिवी भागवत, सचिन विश्वकर्मा, प्राची सरोज, दीया पटेल और सुप्रिया शेट्टी जैसे युवा डिजाइनरों ने भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। तान्या ने बताया कि उन्होंने इस प्रस्तुति के लिए स्थान को एक सड़क से प्रेरित अनुभव में परिवर्तित किया, जिसमें पारंपरिक कला, दीवारों की चित्रकारी और शहरी तत्वों का समावेश किया गया। उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुति साहस, व्यक्तित्व और आत्म-अभिव्यक्ति को दर्शाती है, जो आज के युवाओं के फैशन दृष्टिकोण को नई दिशा देती है।







