आजमगढ़ में भूमाफिया गिरोह पर शिकंजा: फरार अभियुक्तों के खिलाफ मुनादी की कार्रवाई

Youth India Times
By -
0






करोड़ों की ठगी का खुलासा, गिरोह का लंबा आपराधिक इतिहास
न्यायालय के आदेश पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई
आजमगढ़। जनपद में संगठित जमीन ठगी गिरोह के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाते हुए फरार अभियुक्तों के विरुद्ध मुनादी की विधिक कार्रवाई की है। सीओ सिटी शुभम तोदी के अनुसार, माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के आदेश के अनुपालन में थाना कोतवाली और थाना बरदह पुलिस की संयुक्त टीम ने गैंगेस्टर व हिस्ट्रीशीटर कृष्णचन्द्र राय गिरोह के वांछित अभियुक्त संगम राय उर्फ कुंदन राय एवं अन्य सहयोगियों के खिलाफ धारा 84 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की। गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश के बावजूद अभियुक्तों के फरार रहने और न्यायालय में आत्मसमर्पण न करने के कारण यह कदम उठाया गया। पुलिस टीम ने अभियुक्तों के घरों व संबंधित स्थानों पर डुगडुगी बजाकर मुनादी कराई, नोटिस चस्पा किए और गवाहों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न की।

पुलिस जांच में सामने आया है कि कृष्णचन्द्र राय गिरोह फर्जी नक्शा-नजरी और कूटरचित दस्तावेज तैयार कर जमीन बेचने के नाम पर लोगों को ठगता था। थाना कोतवाली में दर्ज मुकदमा संख्या 92/2026 के अनुसार, गिरोह ने एक ही मामले में ₹33.30 लाख की ठगी की, जबकि जनपद के विभिन्न थानों में दर्ज 13 मामलों में अब तक करीब ₹2.87 करोड़ की ठगी सामने आ चुकी है। गिरोह का सरगना कृष्णचन्द्र राय, उसकी पत्नी रेनू राय और पुत्र संगम राय उर्फ कुंदन राय इस अवैध कारोबार में सक्रिय रूप से शामिल रहे हैं। कृष्णचन्द्र राय के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी, लूट और गैंगेस्टर एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे पहले से दर्ज हैं, जबकि अन्य सदस्यों का भी आपराधिक इतिहास सामने आया है। मुख्य आरोपी कृष्णचन्द्र राय को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है, जबकि अन्य आरोपी अभी फरार हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि इन फरार अभियुक्तों के बारे में कोई भी जानकारी मिले तो तुरंत नजदीकी थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को सूचित करें, ताकि उनकी शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके। वहीं, पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)