विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की
किसी भी बच्चे के भविष्य निर्माण में सर्वोपरि होती है मां की भूमिका : राकेश कुमार सिंह, प्रबंधक
आजमगढ़। जहानागंज नगर पंचायत स्थित प्रतिष्ठित कैंब्रिज मॉडर्न स्कूल में सोमवार को माताओं को समर्पित 'मातृ वंदन' कार्यक्रम भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से माताओं के प्रति प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की, जिसने उपस्थित जनसमूह के हृदय को भावविभोर कर दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक राकेश कुमार सिंह एवं गोल्डी सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण तथा दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। इसके पश्चात सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की श्रृंखला प्रारंभ हुई, जो देर तक दर्शकों को मंत्रमुग्ध करती रही। विद्यार्थियों ने 'मां ओ मेरी मां' गीत पर भावपूर्ण प्रस्तुति, जोकर थीम डांस तथा पर्यावरण जागरूकता पर आधारित कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम के दौरान वार्षिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। विशेष रूप से उनकी माताओं को भी स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया, जो कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहा। अपने संबोधन में प्रबंधक राकेश कुमार सिंह ने कहा कि किसी भी बच्चे के भविष्य निर्माण में मां की भूमिका सर्वोपरि होती है। एक सफल और टॉपर छात्र के पीछे मां का त्याग और समर्पण ही सबसे बड़ा आधार होता है। इसी भावना के साथ विद्यालय द्वारा ह्यमातृ वंदनह्ण के माध्यम से माताओं को सम्मानित किया गया। विद्यालय के प्रधानाचार्य मनोज कुमार पांडे ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम की सराहना की। कार्यक्रम को सफल बनाने में विपुल, भृगुनाथ, रंजना, कंचन, नेहा, सुमन ज्योति सहित समस्त स्टाफ का योगदान सराहनीय रहा।





