आजमगढ़ : युवकों पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस बरामद

Youth India Times
By -
0





प्रॉपर्टी विवाद में हुई थी हिंसक झड़प, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा वांछित अभियुक्त
आजमगढ़। मुबारकपुर थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं। जानकारी के अनुसार 19 अप्रैल को ग्राम सठियांव स्थित त्रिदेव ग्रुप प्लॉटिंग में हिस्सेदारी और निवेश को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला गाली-गलौज से बढ़कर मारपीट में बदल गया और दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों व ईंट-पत्थरों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना में मऊ जनपद के सत्यनंद चौबे और विकास चौबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज सदर अस्पताल आजमगढ़ में चल रहा है। घटना के दौरान कमलेश्वर दूबे उर्फ गोलू ने अवैध तमंचा निकालकर विपक्षी पक्ष को जान से मारने की नीयत से धमकाया। मामले में मुबारकपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस ने 20 अप्रैल को मुखबिर की सूचना पर दामोदरपुर मोड़ के पास घेराबंदी कर आरोपी कमलेश्वर दूबे (28) निवासी गजहड़ा, थाना मुबारकपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता है और रंजिश के चलते अवैध असलहा अपने पास रखता था। घटना के दिन उसी हथियार से उसने विपक्षी पक्ष को धमकाया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार करने वाली टीम में उपनिरीक्षक प्रमोद कुमार यादव सहित मुबारकपुर पुलिस टीम शामिल रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)