पुलिस ने ट्रक को लिया कब्जे में, हादसे से तहसील कर्मचारियों में मचा हड़कंप
आजमगढ़। सगड़ी तहसील क्षेत्र में शुक्रवार की शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब महाराजगंज के नायब तहसीलदार रणजीत बहादुर सिंह की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में नायब तहसीलदार बाल-बाल बच गए, हालांकि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5:00 बजे नायब तहसीलदार रणजीत बहादुर सिंह अपनी सरकारी वाहन से जनपद मुख्यालय की ओर जा रहे थे। इसी दौरान आजमगढ़-गोरखपुर मुख्य मार्ग पर अंजान शहीद बाजार के पास सामने से आ रही एक ट्रक ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी।हादसे की सूचना मिलते ही जीयनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में ले लिया। घटना की खबर मिलते ही तहसील कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। बाद में नायब तहसीलदार दूसरी गाड़ी से सुरक्षित तहसील पहुंचे, जिसके बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।






