आज़मगढ़ : विद्यालय में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों की ठगी

Youth India Times
By -
0





दलित बुजुर्ग से 2.5 लाख रुपये ऐंठने का आरोप, जातिसूचक गाली व धमकी का भी मामला; पुलिस ने शुरू की जांच
आजमगढ़। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट के आदेश पर पुलिस ने आरोपी महिला व उसके सहयोगी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कंधरापुर थाना क्षेत्र के जोलहापुर (बथुआपार) निवासी 65 वर्षीय धर्मनाथ ने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि दिलीप शंकर नामक व्यक्ति ने उसकी बेटी को विद्यालय में चपरासी की नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इसके लिए उसने सीमा यादव नामक महिला से पहचान होने की बात कहकर करीब डेढ़ लाख रुपये की मांग की। पीड़ित के अनुसार उसने अलग-अलग तिथियों में नकद व बैंक खाते के माध्यम से कुल मिलाकर लगभग 1.5 लाख रुपये से अधिक की रकम दी। बाद में नियुक्ति में देरी होने पर आरोपियों ने और 10 हजार रुपये की मांग की, जो उसने दे दिया। काफी समय बीत जाने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो उसे ठगी का एहसास हुआ। धर्मनाथ का आरोप है कि जब वह अपने पैसे वापस मांगने आरोपियों के पास पहुंचा तो उसे जातिसूचक गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी भी दी गई। साथ ही अन्य लोगों ने भी आरोप लगाया कि उनसे भी नौकरी के नाम पर पैसे लिए गए हैं। पीड़ित ने बताया कि उसने पहले पुलिस से शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने अदालत की शरण ली। कोर्ट ने मामले को गंभीर मानते हुए धारा 173(4) बीएनएसएस के तहत कंधरापुर थाना पुलिस को एफआईआर दर्ज कर जांच के आदेश दिए। कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)