65 वाहनों पर कार्रवाई, काली फिल्म और फर्जी नंबर प्लेट वाले वाहन पकड़े गए
आजमगढ़। जनपद में यातायात नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को विशेष वाहन चेकिंग अभियान चलाया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक यातायात के नेतृत्व में बागेश्वर चौराहा (थाना कोतवाली) क्षेत्र में सघन चेकिंग की गई। इस दौरान भारत सरकार लिखी हुई गाड़ी को भी नहीं बक्शा गया। अभियान के दौरान यातायात पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने अवैध रूप से लाल-नीली बत्ती का प्रयोग करने वाले, ‘पुलिस’ व ‘उत्तर प्रदेश सरकार’ लिखे वाहनों (बिना अधिकृत अधिकारी), काली फिल्म लगे वाहनों तथा अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की। इस दौरान कुल 65 दोपहिया और चारपहिया वाहनों का चालान किया गया। इनमें 8 काली फिल्म लगे वाहन, 17 फाल्टी नंबर प्लेट (नाम, जाति, धर्म या पद सूचक शब्द अंकित) वाले वाहन तथा 40 अन्य नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन शामिल हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित एवं सुचारू यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें।






