आजमगढ़। तरवा थाना क्षेत्र के खरिहानी के महुआरी गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद एक युवक की हालत बिगड़ने और इलाज के दौरान उसकी मौत हो जाने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की बहन प्रियंका सिंह ने तरवा थाने में तहरीर देकर गांव की ही संध्या सिंह और उसकी पुत्री अर्चना सिंह पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से रंजिश चल रही थी। इसी रंजिश के चलते शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे संध्या सिंह ने उनके भाई दीपक सिंह उर्फ रिंटू को अपने घर बुलाया, जहां उसे कोल्ड ड्रिंक में कथित रूप से जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया गया। आरोप है कि कुछ ही देर बाद दीपक की तबीयत बिगड़ने लगी और वह किसी तरह अपने घर पहुंचा। घर पहुंचते ही उसने परिजनों को बताया कि उसे कुछ संदिग्ध पिला दिया गया है, जिसके बाद वह अचेत होकर गिर पड़ा। परिजन उसे तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उसे शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुल ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक दो बहनों में इकलौता भाई था और वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक का माहौल है।






