आजमगढ़ : बीएसए ने प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को भी किया निलंबित

Youth India Times
By -
0

 






कक्षा में बंद मिले छात्र मामले में की कड़ी कार्रवाई
सहायक अध्यापक पहले ही हो चुके हैं निलंबित, बीईओ जहानागंज को सौंपी गई जांच
आजमगढ़। जिले के अतरौलिया शिक्षा क्षेत्र अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय एदिलपुर में कक्षा-3 के एक छात्र को कक्षा में बंद किए जाने की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने कड़ा रुख अपनाया है। मामले में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर प्रभारी प्रधानाध्यापक अजय नारायण पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इससे पूर्व इसी प्रकरण में एक सहायक अध्यापक पर भी कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित किया जा चुका है। खण्ड शिक्षा अधिकारी, अतरौलिया की जांच रिपोर्ट के अनुसार 13 अप्रैल 2026 को विद्यालय बंद करते समय एक छात्र कक्षा में सो गया था। विद्यालय स्टाफ द्वारा बिना जांच-पड़ताल किए ही कक्ष को बंद कर दिया गया, जिससे छात्र अंदर ही बंद रह गया। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि विद्यालय में न तो समुचित पर्यवेक्षण किया जा रहा था और न ही अभिलेखों का सही रख-रखाव हो रहा था। इसके अलावा विद्यालय में समय-सारणी तक नहीं बनाई गई थी, जो व्यवस्थागत लापरवाही को दर्शाता है। विभाग ने प्रधानाध्यापक द्वारा प्रस्तुत स्पष्टीकरण को असंतोषजनक मानते हुए इसे घोर लापरवाही और कर्तव्यहीनता माना है। निलंबन अवधि के दौरान संबंधित प्रधानाध्यापक को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा तथा उन्हें खण्ड शिक्षा अधिकारी, कोयलसा कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। मामले की विस्तृत जांच के लिए खण्ड शिक्षा अधिकारी, जहानागंज नवनीत कुमार चौबे को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें आरोप पत्र तैयार कर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)