चेक बाउंस होने के बाद आरोपी ने दी जान से मारने की धमकी
आजमगढ़। जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर बड़े पैमाने पर ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक युवक ने सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर कई लोगों से लाखों रुपये ऐंठ लिए और फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर फरार हो गया। पीड़ितों की शिकायत पर पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायत के अनुसार, आरोपी साहिल उपाध्याय पुत्र अशोक उपाध्याय, निवासी ग्राम मनचोभा थाना कोतवाली आजमगढ़ ने रोशिला यादव, करिश्मा यादव और उर्मिला देवी सहित अन्य लोगों को नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। इस दौरान आरोपी ने कुल लगभग 15 लाख रुपये की मांग की, जिसमें से पीड़ितों ने 12.30 लाख रुपये उसे दे दिए। यह रकम ऑनलाइन ट्रांजैक्शन और नकद दोनों माध्यमों से दी गई। आरोपी समय-समय पर पुलिस वेरिफिकेशन, दस्तावेज सत्यापन और ज्वाइनिंग के नाम पर पैसे लेता रहा। इतना ही नहीं, अशोक चौहान नामक एक अन्य पीड़ित से भी आरोपी ने करीब 9.50 लाख रुपये ठग लिए। जब नौकरी नहीं मिली तो आरोपी ने भरोसा दिलाने के लिए दो चेक दिए एक 3 लाख रुपये और दूसरा 6.50 लाख रुपये का। लेकिन जब पीड़ितों ने ये चेक बैंक में लगाए, तो दोनों बाउंस हो गए। पीड़ितों का आरोप है कि आरोपी खुद को आरटीआई एक्टिविस्ट और किसी केंद्रीय लोक शिकायत जांच संस्था का पूर्वांचल चेयरमैन बताकर लोगों को प्रभावित करता था। जब पैसे वापस मांगने की कोशिश की गई, तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ितों ने बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से हैं और पैसे जुटाने के लिए उन्होंने महिलाओं के जेवर तक बेच दिए और कर्ज लिया। अब वे पूरी तरह से आर्थिक संकट में हैं। इस मामले में पीड़ितों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत देकर आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर थाना सिधारी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।






