आजमगढ़। जनपद के अतरौलिया थाना क्षेत्र के महादेवपुर गांव निवासी उमाकान्त शुक्ला ने जमीन हड़पने और फर्जी दस्तावेज तैयार करने के गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय में धारा 156(3) के तहत प्रार्थना पत्र दाखिल किया है। मामले में तीन लोगों को नामजद करते हुए उनके खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज कर जांच की मांग की गई थी। न्यायालय के आदेश पर अतरौलिया पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी के अनुसार, गांव के स्वर्गीय चन्द्रभूषण की मृत्यु के बाद वर्ष 1980-81 के बीच आरोपियों ने साजिश के तहत कूटरचित बैनामा तैयार कराया। आरोप है कि चन्द्रभूषण की मानसिक स्थिति ठीक न होने का फायदा उठाते हुए उनकी जगह किसी अन्य व्यक्ति को प्रस्तुत कर फर्जी हस्ताक्षर और अंगूठा निशान के आधार पर दस्तावेज का पंजीकरण कराया गया। अर्जी में कहा गया है कि इस कथित फर्जीवाड़े के जरिए करीब 6 एकड़ 304 कड़ी (लगभग 10 बीघा 17 बिस्वा) जमीन पर अवैध कब्जा कर लिया गया, जिससे ग्रामसभा/सरकारी भूमि को नुकसान पहुंचा। प्रार्थी का दावा है कि वास्तविक हस्ताक्षर और अंगूठा निशान उपनिबंधक कार्यालय से प्राप्त अभिलेखों से मेल नहीं खाते, जिससे फर्जीवाड़े की पुष्टि होती है। बताया गया कि लंबे समय तक मामला छिपा रहा, लेकिन हाल ही में आरोपियों के परिजनों के बीच विवाद के दौरान इस कथित घोटाले का खुलासा हुआ। इसके बाद प्रार्थी ने साक्ष्य जुटाकर पुलिस अधीक्षक को शिकायत दी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली। अब कोर्ट के आदेश के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रार्थी ने निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।






