आजमगढ़ में फर्जी दस्तावेज से विदेशी नागरिकता लेने वाला अभियुक्त गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





OCI धारक होते हुए भारतीय मतदाता बनकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का मामला उजागर

आजमगढ़। जनपद के थाना निजामाबाद पुलिस ने कूटरचित दस्तावेज तैयार कर नाम व पहचान बदलकर विदेशी नागरिकता प्राप्त करने वाले एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मलेशिया की नागरिकता और पासपोर्ट फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हासिल करने के साथ-साथ भारतीय मतदाता सूची में नाम दर्ज कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने का आरोप है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के अनुसार, 24 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक चित्रांशु मिश्रा को सूचना मिली कि मो. कुद्दूस उर्फ कुहूस पुत्र अली रजा निवासी ग्राम सुराई, थाना निजामाबाद, जो वर्तमान में मलेशिया से अपने गांव आया हुआ है, ने कूटरचित दस्तावेजों के आधार पर अपना और अपने पिता का नाम बदलकर “मोहम्मद कुद्दूस बिन रज्जाग शाह” के नाम से मलेशिया की नागरिकता और पासपोर्ट प्राप्त कर लिया है। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी के पास OCI कार्ड होने के बावजूद, जो भारतीय चुनाव में मतदान के लिए अयोग्य बनाता है, उसने भारतीय मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा रखा था और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहा था। इतना ही नहीं, विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान भी उसने स्वयं को भारतीय मतदाता के रूप में दर्ज कराने के लिए फार्म-07 भरा था। इस संबंध में थाना निजामाबाद पर मु0अ0सं0 71/26 के तहत धारा 318(4), 319, 335, 336(3), 338, 340 बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तारी की कार्रवाई के तहत 25 मार्च 2026 को उपनिरीक्षक राजनारायण पाण्डेय, चौकी प्रभारी रसीदगंज द्वारा अभियुक्त को थाना परिसर में पूछताछ के लिए बुलाया गया। संतोषजनक जवाब न देने और आरोपों की पुष्टि होने पर उसे सुबह 10:30 बजे विधिक प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तारी के दौरान सर्वोच्च न्यायालय और मानवाधिकार आयोग के निर्देशों का पालन किया गया तथा अभियुक्त को न्यायालय में पेश किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान मो. कुद्दूस उर्फ कुद्दूस पुत्र अली रजा निवासी ग्राम सुराई, थाना निजामाबाद, जनपद आजमगढ़ (वर्तमान पता मलेशिया) के रूप में हुई है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राजनारायण पाण्डेय एवं चौकी प्रभारी रसीदगंज सहित थाना निजामाबाद की टीम शामिल रही।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)