आजमगढ़ : फर्जी दस्तावेज़ से ली विदेशी नागरिकता

Youth India Times
By -
0






OCI कार्ड धारक होने के बावजूद मतदाता सूची में नाम, आरोपी ले रहा है सरकारी योजनाओं का लाभ
आजमगढ़। जिले के निजामाबाद थाना क्षेत्र में फर्जी दस्तावेज़ तैयार कर विदेशी नागरिकता प्राप्त करने और भारत में मतदाता के रूप में नाम दर्ज कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस प्रकरण में आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, थाना निजामाबाद के चौकी फरिहा प्रभारी चित्रांशु मिश्रा द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया गया है कि ग्राम सुराई निवासी जो वर्तमान में मलेशिया से अपने गांव आया है, ने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेजों के माध्यम से अपनी पहचान बदलकर मलेशिया की नागरिकता प्राप्त कर ली। बताया गया कि उसने पासपोर्ट बनवाया और मलेशिया का पता दर्शाया। आरोप है कि उक्त व्यक्ति ने प्रवासी भारतीय नागरिकता (OCI) कार्ड भी हासिल कर रखा है, जबकि नियमों के अनुसार OCI कार्ड धारक भारत में मतदान नहीं कर सकते। इसके बावजूद उसका नाम ग्राम सुराई की मतदाता सूची में दर्ज है और वह विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी ले रहा है। जांच में यह भी सामने आया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान उसने मतदाता के रूप में अपना नाम बनाए रखने के लिए फार्म-07 भी भरा था। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए थाना अध्यक्ष निजामाबाद के आदेश पर आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 319, 335, 336(3), 338 और 340 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)