शानदार प्रदर्शन पर छात्रों का हुआ सम्मान, प्रबंधन व शिक्षकों ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं
आजमगढ़। जनपद के सुराई सठियांव स्थित आरके ग्लोबल स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर खुशी और उत्साह से गूंज उठा। जैसे ही परिणाम की घोषणा हुई, बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे और पूरे विद्यालय में उल्लास का वातावरण बन गया। मेधावी छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए न केवल अपने अभिभावकों का सिर गर्व से ऊंचा किया, बल्कि विद्यालय का नाम भी रोशन किया। विद्यालय परिसर में परिणाम देखने के लिए सुबह से ही छात्रों और अभिभावकों की भीड़ लगी रही। परिणाम घोषित होने के बाद सफल छात्रों को शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन द्वारा बधाई दी गई। इस अवसर पर कई छात्रों ने अपने उत्कृष्ट अंकों के साथ विभिन्न विषयों में विशेष उपलब्धियां हासिल कीं। शिक्षकों ने बच्चों की मेहनत और लगन की सराहना करते हुए उन्हें भविष्य में भी इसी तरह निरंतर प्रयास करते रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सफलता का यह चरण आगे की उपलब्धियों की नींव है, जिसे निरंतर परिश्रम और अनुशासन से और मजबूत बनाया जा सकता है। विद्यालय के प्रबंधन ने भी इस अवसर पर छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इस प्रकार के परिणाम संस्थान की गुणवत्ता और शिक्षा के प्रति समर्पण को दशार्ते हैं। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों के सहयोग को भी इस सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया। विद्यालय के प्रबंधक डॉ. प्रेम प्रकाश यादव ने परीक्षा परिणाम पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इस वर्ष छात्रों ने जिस प्रकार का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है, वह पूरे विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि यह सफलता किसी एक व्यक्ति के प्रयास का परिणाम नहीं है, बल्कि छात्रों की कड़ी मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के निरंतर सहयोग का संयुक्त प्रतिफल है। उन्होंने आगे कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त कराना ही नहीं, बल्कि छात्रों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन पर विशेष ध्यान दिया जाता है। डॉ. यादव ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धी युग में विद्यार्थियों को केवल किताबी ज्ञान ही नहीं, बल्कि व्यवहारिक ज्ञान और जीवन कौशल की भी आवश्यकता है। विद्यालय इसी दिशा में निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी सफल छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और जो छात्र अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सके, उन्हें निराश न होकर और अधिक मेहनत करने की सलाह दी। विद्यालय के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. विशाल यादव ने छात्रों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह परिणाम छात्रों की अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प का प्रत्यक्ष प्रमाण है। उन्होंने कहा कि आज के समय में सफलता उन्हीं को मिलती है जो निरंतर मेहनत करते हैं और अपने लक्ष्य के प्रति पूरी तरह समर्पित रहते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि परीक्षा में अच्छे अंक प्राप्त करना महत्वपूर्ण है, लेकिन उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है जीवन में सीखने की निरंतर इच्छा बनाए रखना। उन्होंने छात्रों को प्रेरित करते हुए कहा कि वे अपने लक्ष्य को स्पष्ट रखें और उसे प्राप्त करने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ प्रयास करें। डॉ. विशाल यादव ने यह भी कहा कि विद्यालय विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा और सुविधाएं प्रदान करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, ताकि वे भविष्य की चुनौतियों का सामना आत्मविश्वास के साथ कर सकें। उन्होंने अभिभावकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना इस प्रकार की सफलता संभव नहीं है। अंत में उन्होंने सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल और सफल भविष्य की कामना की।






