बम विस्फोट मामले में खुश्बू किन्नर गिरफ्तार

Youth India Times
By -
0





रंगदारी न मिलने पर खुद रची थी विस्फोट की साजिश, जांच में खुलासा होने पर पुलिस ने की कार्रवाई

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र के मोहरगंज में पिछले वर्ष हुए बम विस्फोट के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए शुक्रवार को खुश्बू किन्नर को ही गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि रंगदारी न मिलने पर खुश्बू किन्नर ने खुद ही विस्फोट की साजिश रची थी और कई लोगों को झूठा फंसाने की कोशिश की थी। बताया जाता है कि मोहरगंज पुलिस चौकी से कुछ ही दूरी पर स्थित खुश्बू किन्नर के तीन मंजिला मकान में 21 दिसंबर 2025 की रात बम विस्फोट हुआ था। घटना के समय मकान में सो रहे 12 से अधिक लोग दहशत में आ गए थे। मामले में पुलिस ने बलुआ सराय के दो युवकों सहित 12 से अधिक लोगों को आरोपी बनाया था और दो आरोपियों पर 50 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। जनवरी में पुलिस ने मुख्य आरोपी विकास सिंह को रिमांड पर लेकर सराय गांव से एक पिस्टल तथा विस्फोट में इस्तेमाल की गई जिलेटिन रॉड बरामद की थी। वहीं दूसरी ओर आरोपियों के परिजन मुख्यमंत्री से मिलकर न्याय की गुहार लगाई थी, जिसके बाद मुख्यमंत्री के निर्देश पर एडीजी ने मामले की जांच कराई। एडीजी के निर्देश पर एएसपी जौनपुर द्वारा की गई जांच में यह तथ्य सामने आया कि खुश्बू किन्नर अपने सहयोगियों के साथ मिलकर जिन लोगों को आरोपी बनाया था, उनसे लगातार रंगदारी की मांग कर रही थी। इसके बाद खुश्बू किन्नर और एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी मांगने का मुकदमा दर्ज किया गया। शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने खुश्बू किन्नर को गिरफ्तार कर न्यायालय में चालान कर दिया। इस संबंध में एएसपी अनंत चंद्रशेखर ने बताया कि खुश्बू किन्नर को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)