आजमगढ़ : विद्यार्थियों के कौशल विकास को मिलेगी अंतरराष्ट्रीय स्तर की पहचान-विशाल जायसवाल

Youth India Times
By -
0





वेदांता नर्सिंग कॉलेज में दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का हुआ समापन
सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण से नर्सिंग छात्रों को मिला आधुनिक कौशल, पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में वेदांता की छात्राओं का रहा दबदबा
आजमगढ़। नर्सिंग शिक्षा में आधुनिक तकनीकों के समावेश और व्यावहारिक कौशल को मजबूत बनाने के उद्देश्य से वेदांता स्कूल आफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस के तत्वावधान में तथा ईरा नर्सिंग इंस्टीट्यूट के सहयोग से दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। 'रेवोल्यूशनाइजिंग नर्सिंग एजुकेशन एंड एडवांस सिमुलेशन ट्रेनिंग इन इंडिया' विषय पर आयोजित इस कार्यशाला में नर्सिंग विद्यार्थियों और शिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण प्रदान किया गया। कार्यशाला की आयोजन अध्यक्ष प्रो. डॉ. रीना पांडेय (प्राचार्य, पीएचडी नर्सिंग) रहीं, जबकि कार्यक्रम के संचालन और समन्वय में प्रो. सनी मेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। ईरा नर्सिंग इंस्टीट्यूट से आए विशेषज्ञ वक्ताओं सनी माली, प्रेम सिन्हा और कंचन राठौर ने प्रतिभागियों को सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण तकनीकों, आधुनिक उपकरणों और व्यावहारिक पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सिमुलेशन तकनीक नर्सिंग विद्यार्थियों को वास्तविक क्लिनिकल परिस्थितियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार करती है। कार्यशाला के दूसरे दिन स्टेट मेडिकल फैकल्टी लखनऊ की नर्सिंग कंसल्टेंट डॉ. एन. नीतू देवी और सीनियर प्रोग्राम आॅफिसर कल्पना पुस्तेला विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। वहीं लाइफ लाइन एजुकेशन इंस्टीट्यूट से आए डॉ. शम्भू की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की। इस दौरान प्रतिभागियों को एडवांस एंडोस्कोपी, आॅटोस्कोपी सिमुलेटर, चेस्ट आॅस्कल्टेशन, सीवीपी इंसर्शन, बीएलएस मैनेजमेंट, बोन मैरो एस्पिरेशन और लंबर पंचर जैसी चिकित्सीय प्रक्रियाओं का सिमुलेशन आधारित प्रशिक्षण दिया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित पोस्टर प्रेजेंटेशन प्रतियोगिता में अनुपमा त्रिपाठी ने प्रथम, मोनी गुप्ता ने द्वितीय और रक्षिता ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। तीनों छात्राएं वेदांता नर्सिंग कॉलेज की हैं। विजेताओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इस राष्ट्रीय कार्यशाला में विभिन्न संस्थानों से आए लगभग 500 नर्सिंग विद्यार्थियों और शिक्षकों ने भाग लिया। उल्लेखनीय है कि कार्यशाला को उत्तर प्रदेश नर्सिंग एंड मिडवाइव्स काउंसिल द्वारा तीन क्रेडिट प्वाइंट भी प्रदान किए गए। वेदांता ग्रुप के डायरेक्टर विशाल जायसवाल ने बताया कि जनपद में पहली बार इस स्तर का राष्ट्रीय सेमिनार आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से विद्यार्थियों के कौशल विकास को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहचान मिलेगी। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, वक्ताओं और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)