दिल्ली से बिहार जा रहे थे सभी यात्री, घायलों को जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती
आजमगढ़। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा सुबह लगभग 6 बजे एक्सप्रेसवे के 185 किलोमीटर के पास हुआ, जब दिल्ली से बिहार जा रही एक बोलेरो अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बोलेरो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। बताया जा रहा है कि बोलेरो में कुल छह लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में फंसे घायलों को बाहर निकाला और एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अहरौला पहुंचाया। घायलों की पहचान अफसार पुत्र अलाउद्दीन (30 वर्ष), सिकंदर पुत्र नियाकत (30 वर्ष), सज्जाद पुत्र सदरे आलम (25 वर्ष), अंसार पुत्र अलाउद्दीन (30 वर्ष), सादिक पुत्र अलाउद्दीन (22 वर्ष) तथा चालक सुधाकर पुत्र संतबक के रूप में हुई है। सभी लोग बिहार के अररिया जिले के चोरही गांव, थाना विन्दौल के निवासी बताए जा रहे हैं और दिल्ली से अपने घर बिहार लौट रहे थे। डॉक्टरों के अनुसार हादसे में गंभीर रूप से घायल सिकंदर पुत्र नियाकत को बेहतर इलाज के लिए आजमगढ़ जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। वहीं अफसार पुत्र अलाउद्दीन की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। अन्य घायलों का इलाज जिला चिकित्सालय में चल रहा है। हादसे के बाद क्षतिग्रस्त बोलेरो को हाइड्रा मशीन की मदद से हटाकर एक्सप्रेसवे के 182 नंबर टोल प्लाजा पर खड़ा करा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।





