आजमगढ़ में ठगी करने वाले गिरोह का सदस्य गिरफ्तार, तमंचा-कारतूस व नकदी बरामद

Youth India Times
By -
0

 






उत्तराखंड का रहने वाला आरोपी महिलाओं को धर्म-कर्म की बातों में फंसाकर गहने-पैसे ठगता था, दो घटनाओं में शामिल होने की कबूलियत
आजमगढ़। जनपद पुलिस ने ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार करते हुए उसके पास से अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और नकदी बरामद की है। आरोपी से पूछताछ में महिलाओं को झांसा देकर गहने और पैसे ठगने की कई घटनाओं का खुलासा हुआ है। पुलिस के अनुसार 14 मार्च को उपनिरीक्षक सौरभ त्रिपाठी अपनी टीम के साथ उनि भर्ती परीक्षा-2026 के मद्देनजर रोडवेज परिसर और होटलों में संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक वांछित अभियुक्त प्राइवेट बस स्टैंड से बंधा रोड की ओर जाने वाला है। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम लईक पुत्र तौफिक, निवासी ग्राम ठंडा नाला गुलरभोज थाना गदरपुर, जिला उधमसिंह नगर (उत्तराखंड) बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध तमंचा बोर, एक जिंदा कारतूस और 5500 रुपये नकद बरामद हुए। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह अपने तीन साथियों सैफ अली खान, इमरान और हुसैनू उर्फ हुसैन के साथ मिलकर अलग-अलग राज्यों में घूमकर अधेड़ उम्र की महिलाओं को धर्म-कर्म की बातों में फंसाकर उनसे गहने और नकदी ठग लेते थे। ठगी के बाद सभी लोग अपने-अपने घर लौटकर पैसे और गहनों का बंटवारा कर लेते थे। उसने यह भी बताया कि बीते 6 फरवरी को बेलइसा सब्जी मंडी के पास एक महिला से मंगलसूत्र, कान के टप्स और 6000 रुपये ठग लिए थे। वहीं 7 फरवरी को लाइफ लाइन हॉस्पिटल के पास एक अन्य महिला से चैन, अंगूठी और 2000 रुपये लेकर फरार हो गए थे। ठगी से मिले पैसों में से उसके हिस्से में करीब 40 हजार रुपये आए थे, जिनमें से खर्च होने के बाद 5500 रुपये बचे थे। पुलिस ने बरामद तमंचा और कारतूस को कब्जे में लेते हुए आरोपी को संबंधित धाराओं में गिरफ्तार कर लिया है। मामले की सूचना थाना रानी की सराय को भी दे दी गई है, जहां इस संबंध में पहले से मुकदमा दर्ज है। पुलिस अन्य फरार साथियों की तलाश में जुटी हुई है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)