राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन, कीमतें वापस लेने और सब्सिडी बढ़ाने की मांग
कीमत बढ़ने से आम जन सहित कारोबारियों के सामने खड़ा है आर्थिक संकट : राजेश यादव
आजमगढ़। देश में बढ़ती महंगाई, एलपीजी गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि और गैस की किल्लत को लेकर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला कलेक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। पार्टी के वरिष्ठ नेता व राज्यसभा सांसद संजय सिंह के आवाह्न पर कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार की आर्थिक नीतियों के विरोध में प्रदर्शन कर महामहिम राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। कार्यकर्ताओं का आरोप था कि केंद्र की भाजपा सरकार की गलत आर्थिक नीतियों के कारण आम जनता महंगाई और आर्थिक संकट से जूझ रही है। गैस सिलेंडरों की भारी किल्लत के कारण लोगों को फिर से लाइनों में लगने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिसका सबसे अधिक असर गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। इस मौके पर प्रांत अध्यक्ष राजेश यादव ने कहा कि हाल ही में घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के दामों में 60 रुपये और कमर्शियल गैस सिलेंडर के दामों में 120 रुपये की वृद्धि ने आम जनता और छोटे व्यापारियों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट और स्ट्रीट फूड से जुड़े छोटे कारोबारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने कहा कि देश में उपयोग होने वाली लगभग 60 प्रतिशत एलपीजी विदेशों से आयात की जाती है, जिसका बड़ा हिस्सा स्ट्रेट ऑफ हार्मुज़ के रास्ते भारत पहुंचता है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच बढ़ते तनाव का असर ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ रहा है, लेकिन सरकार ने इससे निपटने के लिए कोई ठोस रणनीति नहीं बनाई है। जिलाध्यक्ष रविंद्र यादव ने कहा कि गैस और ऊर्जा क्षेत्र में निजी कंपनियों को लाभ पहुंचाने वाली नीतियों के कारण कीमतों में कई जगहों पर कई गुना वृद्धि देखने को मिल रही है। इससे छोटे और मध्यम उद्योगों पर गंभीर आर्थिक दबाव बढ़ रहा है और बेरोजगारी की स्थिति भी तेजी से बढ़ रही है। प्रदेश उपाध्यक्ष कृपाशंकर पाठक ने मांग की कि घरेलू एलपीजी गैस सिलेंडर के बढ़े हुए दामों को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए, पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नियंत्रित करने के लिए पारदर्शी नीति लागू की जाए तथा गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को रसोई गैस पर विशेष सब्सिडी दी जाए। पार्टी नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने बढ़ती महंगाई और गैस की कीमतों के मुद्दे पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए तो पार्टी देशभर में जन आंदोलन तेज करेगी। इस दौरान रमेश यादव, तनवीर रिज़वी, एम.पी. यादव, शरद चंद राघव, गीतांजलि राघव, उमेश यादव, राम प्रसाद यादव, बाबूराम यादव, राजमन यादव, जीशान सिद्दकी, रामसतन पटेल, प्रद्युम्न सिंह, अतुल यादव, हिमांशु यादव, संतोष यादव, नीरज, अनिल यादव, दीनबंधु गुप्ता, रमेश चंद मौर्य, अभिषेक सिंह, अभिषेक राजभर सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।






.jpg)