आजमगढ़ : पेट्रोल-डीजल की किल्लत, कई पेट्रोल पंप बंद

Youth India Times
By -
0




एकमात्र केंद्र पर मिल रहा ईंधन, वाहनों की लगी लंबी कतार

अम्बारी (आजमगढ़)। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की किल्लत साफ तौर पर देखने को मिल रही है। बुधवार दोपहर से अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन खत्म होने के कारण ताले लटक गए हैं, जिससे आमजन और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। माहुल-अम्बारी मार्ग स्थित महेंद्र ग्रामीण वितरक सेवा केंद्र ही फिलहाल ऐसा एकमात्र स्थान है, जहां पेट्रोल और डीजल उपलब्ध है। यहां ईंधन लेने के लिए वाहनों की लंबी कतार लग गई है। माहुल नगर पंचायत के फूलपुर रोड स्थित कैलाश फिलिंग स्टेशन, गौतम फिलिंग स्टेशन, अहरौला रोड पर स्थित फौजी फिलिंग स्टेशन तथा पाकड़पुर के यादव फिलिंग स्टेशन पर पेट्रोल और डीजल खत्म होने के कारण पंप बंद पड़े हैं। महेंद्र ग्रामीण वितरक सेवा केंद्र के संचालक महेंद्र जायसवाल ने बताया कि उनके पास उपलब्ध स्टॉक आम जनता के लिए है और लगातार वितरण किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी आपूर्ति सुचारू रूप से जारी रहेगी। वहीं, इस संबंध में एसडीएम फूलपुर अशोक कुमार से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार फोन करने के बावजूद उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)