आजमगढ़ पुलिस की बड़ी उपलब्धि, 246 मामलों में 48 लाख से अधिक की भरण–पोषण राशि दिलाई

Youth India Times
By -
0




महिलाओं और बच्चों को आर्थिक सहारा, एसएसपी डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में रिकॉर्ड समय में प्रभावी कार्रवाई

आजमगढ़। मिशन शक्ति 5.0 (द्वितीय चरण) अभियान के तहत आजमगढ़ पुलिस ने महिलाओं के अधिकारों की रक्षा और उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में एक उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के कुशल निर्देशन में जनपद के विभिन्न थानों में लंबित भरण–पोषण के मामलों को प्राथमिकता देते हुए प्रभावी कार्रवाई की गई। अभियान के अंतर्गत 02 फरवरी 2026 से 29 मार्च 2026 तक की अवधि में 25,19,200 रुपये की भरण–पोषण धनराशि पीड़ित महिलाओं को दिलाई गई। वहीं अब तक कुल 246 मामलों में 48,19,600 रुपये की धनराशि पीड़िताओं के बैंक खातों में पहुंचाई जा चुकी है। पुलिस द्वारा सभी लंबित मामलों की गहन समीक्षा की गई और थानों के पैरोकारों को न्यायालय में प्रभावी पैरवी के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने प्रत्येक मामले का सूक्ष्म अध्ययन कर लगातार न्यायालय में उपस्थिति सुनिश्चित की, जिससे वर्षों से लंबित मामलों का तेजी से निस्तारण संभव हो सका। इस पहल का सामाजिक प्रभाव भी स्पष्ट रूप से देखने को मिला है। आर्थिक संकट से जूझ रही महिलाओं और उनके बच्चों को राहत मिली है, जिससे उनके जीवन में स्थायित्व आया है और पुलिस-प्रशासन के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है। एसएसपी डॉ. अनिल कुमार ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और न्याय प्रदान करना है तथा भरण–पोषण से जुड़े मामलों में त्वरित न्याय दिलाना पुलिस की प्राथमिकता है। जनपद आजमगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि महिलाओं से जुड़े अन्य लंबित मामलों में भी इसी प्रकार त्वरित और प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि हर पीड़िता को समयबद्ध न्याय मिल सके।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)