आजमगढ़ : जेएमवी चिल्ड्रेन स्कूल में वार्षिक परीक्षा परिणाम 2026 घोषित

Youth India Times
By -
0

 






अभिभावको सहित मेधावी छात्रों का किया गया सम्मान
शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन ही छात्रों को भविष्य में सफल बनाते हैं : मिथिलेश यादव, प्रबंधक
आजमगढ़। जेएमवी चिल्ड्रेन स्कूल, कोलबाज बहादुर, आजमगढ़ में वार्षिक परीक्षा परिणाम 2026 का भव्य वितरण समारोह आयोजित किया गया। परीक्षा परिणाम घोषित होने के साथ ही विद्यालय परिसर में छात्रों और अभिभावकों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक मिथिलेश यादव द्वारा दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर किया गया। इसके बाद प्रत्येक कक्षा में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को उनके अभिभावकों के साथ मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर बच्चों की उपलब्धियों पर अभिभावकों ने खुशी जाहिर की। कार्यक्रम का संचालन एपी यादव ने किया, जिन्होंने पूरे समारोह को व्यवस्थित और आकर्षक ढंग से आगे बढ़ाया। विद्यालय परिवार के सभी शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं अभिभावक कार्यक्रम में उपस्थित रहे। विद्यालय के प्रधानाचार्य शैलेश कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि छात्र मिट्टी के घड़े के समान होते हैं, जिन्हें सही मार्गदर्शन देकर सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों के विकास में सकारात्मक सहयोग की अपेक्षा जताई और सभी विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर प्रबंधक मिथिलेश यादव ने कहा, “हमारा उद्देश्य केवल परीक्षा परिणाम तक सीमित नहीं है, बल्कि बच्चों के समग्र विकास पर ध्यान देना है। शिक्षा के साथ-साथ संस्कार और अनुशासन ही छात्रों को भविष्य में सफल बनाते हैं। विद्यालय परिवार हर बच्चे को बेहतर वातावरण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देने के लिए निरंतर प्रयासरत है।” समारोह के अंत में सभी सफल छात्र-छात्राओं को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)