विकलांग, विधवा और गरीब परिवारों को अंगवस्त्र भेंट कर किया सम्मान, क्षेत्र में पहल की हो रही सराहना
आजमगढ़। जिले के जहानागंज थाना क्षेत्र के रामपुर निवासी समाजसेवी राजेश सिंह ‘बिल्लू’ ने अपने पुत्र संगम सिंह के विवाह के उपरांत एक अत्यंत सराहनीय और प्रेरणादायक पहल कर समाज में मिसाल पेश की है। विवाह जैसे खुशी के अवसर को उन्होंने केवल पारिवारिक उत्सव तक सीमित न रखकर समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ साझा किया। राजेश सिंह ‘बिल्लू’ ने अपने आवास पर क्षेत्र के विकलांग, विधवा एवं आर्थिक रूप से कमजोर लगभग 100 गरीब परिवारों को ससम्मान आमंत्रित किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का पूरे आदर-सत्कार के साथ स्वागत किया गया। उन्हें प्रेमपूर्वक नाश्ता और भोजन कराया गया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। इतना ही नहीं, राजेश सिंह ने सभी अतिथियों को दंडवत प्रणाम कर आशीर्वाद लिया, जिससे कार्यक्रम का माहौल अत्यंत भावुक और प्रेरणादायक बन गया। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने इस पहल की जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि आज के समय में जहां विवाह समारोहों में दिखावा और आडंबर अधिक देखने को मिलता है, वहीं राजेश सिंह ‘बिल्लू’ का यह कदम मानवता, संस्कार और समाज सेवा की एक अनूठी मिसाल है। ग्रामीणों और क्षेत्रवासियों ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज में सकारात्मक संदेश जाता है और जरूरतमंद लोगों को भी सम्मान और अपनापन महसूस होता है। यह पहल समाज के अन्य लोगों को भी प्रेरित करती है कि वे अपनी खुशियों को जरूरतमंदों के साथ साझा करें। राजेश सिंह ‘बिल्लू’ ने कहा कि पुत्र के विवाह की खुशी को समाज के जरूरतमंद लोगों के साथ साझा करना उनका सौभाग्य है। उन्होंने कहा कि जीवन में यदि किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकें तो वही सबसे बड़ा पुण्य है। उन्होंने कहा कि विवाह जैसे शुभ अवसर पर यदि गरीब, विकलांग और विधवा बहनों-भाइयों को सम्मान देकर उनकी सेवा की जाए तो उससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती। उन्होंने समाज के अन्य लोगों से भी अपील की कि वे भी अपने सुखद अवसरों पर जरूरतमंदों को याद करें और उनकी मदद करें।






