आजमगढ़ : ऑनलाइन फ्रॉड से विद्युत विभाग कर्मी के खाते से 2.97 लाख रुपये उड़े

Youth India Times
By -
0






तीन दिनों में तीन बार 99-99 हजार रुपये निकाले, आखिरी ट्रांजेक्शन का मैसेज आने पर हुआ खुलासा
आजमगढ़। जनपद के सिधारी थाना क्षेत्र में ऑनलाइन फ्रॉड का एक मामला सामने आया है, जिसमें विद्युत विभाग में कार्यरत एक कर्मचारी के खाते से साइबर ठगों ने कुल 2 लाख 97 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने मामले की तहरीर सिधारी थाने में देकर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई और धनराशि वापस कराने की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार राजाराम सिंह यादव पुत्र स्वर्गीय जगतू सिंह यादव मूल रूप से ग्राम कादीपुर, थाना नोनहरा, जनपद गाजीपुर के निवासी हैं और वर्तमान में विद्युत विभाग सिधारी स्थित भंडार केंद्र में सहायक भंडारी के पद पर कार्यरत हैं। पीड़ित के अनुसार उनके गूगल पे/यूपीआई या अन्य किसी ऑनलाइन माध्यम से 23 फरवरी, 24 फरवरी और 26 फरवरी 2026 को क्रमशः 99-99 हजार रुपये खाते से निकाल लिए गए। उन्होंने बताया कि 23 और 24 फरवरी को पैसे कटने की कोई सूचना या मैसेज उन्हें प्राप्त नहीं हुआ। 26 फरवरी को दोपहर करीब 3:40 बजे 99 हजार रुपये निकलने का मैसेज मिलने पर उन्हें घटना की जानकारी हुई। इसके बाद उन्होंने तुरंत अपना बैंक बैलेंस चेक किया तो पता चला कि उनके खाते से कुल 2,97,000 रुपये की ठगी हो चुकी है। पीड़ित ने तत्काल बैंक जाकर अपना खाता फ्रीज कराया और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद उन्होंने सिधारी थाने में लिखित तहरीर देकर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई करने और ठगी की रकम वापस दिलाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)