आजमगढ़: कटी पतंग लूटने के चक्कर में किशोर की ट्रेन से कटकर मौत

Youth India Times
By -
0




पतंग पर रहा ध्यान, तेज रफ्तार इंजन की आहट नहीं सुन सका किशोर
रिपोर्ट-आरपी सिंह
आजमगढ़। जनपद के फूलपुर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मुंडेश्वर नाथ रोड क्रॉसिंग के पास गुरुवार को एक हृदयविदारक हादसा हो गया। कटी हुई पतंग को पकड़ने के प्रयास में 13 वर्षीय किशोर रेलवे ट्रैक पर पहुंच गया, जहां तेज रफ्तार ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मुंडेश्वर नाथ रोड निवासी विमलेश सोनकर का 13 वर्षीय पुत्र सृजन सोनकर दोपहर में स्कूल से घर लौटा था। भोजन करने के बाद वह खेलने के लिए बाहर निकल गया। इसी दौरान एक कटी हुई पतंग को पकड़ने के लिए दौड़ते हुए वह रेलवे ट्रैक पर चला गया। बताया जा रहा है कि आजमगढ़ से शाहगंज की ओर जा रहे अप लाइन ट्रेन का इंजन काफी तेज गति में था। सृजन का पूरा ध्यान पतंग पर केंद्रित था, जिससे वह ट्रेन की आवाज नहीं सुन सका और इंजन की चपेट में आ गया। हादसा इतना भीषण था कि किशोर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतक सृजन तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। घटना की सूचना मिलते ही माता-पिता सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं स्थानीय मोहल्ले में भी शोक की लहर दौड़ गई है। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)