आजमगढ़ : अठवरिया मैदान में भक्ति की बही सरिता, श्री श्याम महोत्सव में झूमे श्रद्धालु

Youth India Times
By -
0




श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल के तत्वावधान में हुआ भव्य आयोजन, भजनों पर थिरके श्रद्धालु, विशाल भंडारे में उमड़ी भीड़
आजमगढ़। शहर के अठवरिया मैदान में रविवार को भक्ति, श्रद्धा और उल्लास से ओत-प्रोत श्री श्याम महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन श्री रानी सती श्याम भक्त मंडल की ओर से किया गया, जिसमें नारायणी भजन संध्या एवं श्री श्याम भक्त मंडल का विशेष सहयोग रहा। इस पावन अवसर पर देश के विभिन्न हिस्सों से पधारे प्रसिद्ध भजन कलाकारों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। जयपुर से आईं सुप्रसिद्ध भजन गायिका रजनी राजस्थानी तथा उड़ीसा से पधारीं शुभांगी सोनी ने 'सांवरे की महफिल को सांवरा सजाता है' सहित एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति दी। मधुर धुनों और भावपूर्ण गायन से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। कार्यक्रम के दौरान रजनी राजस्थानी ने 'हारा हूं बाबा पर तुझपे भरोसा है, जीतूंगा एक दिन मेरा दिल ये कहता है' और 'दीनानाथ मेरी बात छानी कोनी तेरे से' जैसे भजनों से लोगों को झूमने के लिए विवश कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु बाबा श्याम के भजनों पर नृत्य करते नजर आए। अठवरिया मैदान श्रद्धालुओं से खचाखच भरा रहा। श्रद्धालुओं ने विधिवत बाबा श्याम की ज्योति प्रज्वलित कर अपने एवं अपने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की। आयोजन के दौरान विशाल भंडारे का भी प्रबंध किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम को शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन द्वारा चाक-चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। इस अवसर पर विधान परिषद सदस्य यशवंत सिंह, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विक्रम बहादुर सिंह, पूर्व भाजपा प्रत्याशी अखिलेश कुमार मिश्रा गुड्डू, विधायक दुर्गा प्रसाद यादव सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)