आजमगढ़ : भीषण आग से मिठाई-फास्टफूड की दुकान में गैस सिलेंडर फटा, लाखों का नुकसान

Youth India Times
By -
0




आधी रात को हुई मची अफरातफरी, दुकान मालिक बाल-बाल बचे
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू, करीब आठ लाख की क्षति
आजमगढ़। जनपद के रानी की सराय थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस समय अफरातफरी मच गई जब सोनवारा मोड़ स्थित एक मिठाई और फास्टफूड की दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान में रखा गैस सिलेंडर भी तेज धमाके के साथ फट गया। गनीमत रही कि समय रहते दुकान के अंदर सो रहे व्यक्ति ने बाहर निकलकर अपनी जान बचा ली। जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के कोइलाडी खुर्द निवासी ओमप्रकाश ने सोनवारा मोड़ पर किराए के मकान में ह्यमिठाईवाला फास्टफूड मिठाईह्ण नाम से दुकान खोली थी। उन्होंने इसी वर्ष जनवरी माह में दुकान का संचालन शुरू किया था। रविवार रात रोजाना की तरह ओमप्रकाश दुकान बंद कर अपने घर चले गए थे, जबकि उनके भाई पारस दुकान के अंदर ही सो रहे थे। देर रात अचानक दुकान के भीतर से आग की लपटें उठने लगीं। आग की तपिश और धुएं से पारस की नींद खुल गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए वे तुरंत दुकान से बाहर निकल आए और शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। जब तक स्थानीय लोग कुछ समझ पाते, दुकान में रखा एक गैस सिलेंडर जोरदार धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। सिलेंडर फटने के बाद आग ने और भी विकराल रूप धारण कर लिया। तेज लपटों और लगातार उठ रहे धुएं के कारण कोई भी व्यक्ति दुकान के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा पा रहा था। सिलेंडर विस्फोट से दुकान का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और अंदर रखा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने में काफी समय लगा। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस अगलगी में लगभग आठ लाख रुपये का नुकसान हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पारस बाहर न निकलते तो बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है, लेकिन शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)