आजमगढ़ : सीएम योगी से मिले भाजयुमो जिलाध्यक्ष, समस्याओं पर सौंपा ज्ञापन

Youth India Times
By -
0







नगर पंचायत में भ्रष्टाचार और अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी का मुद्दा उठाया
पौराणिक स्थलों के संरक्षण व मदरसे की जांच की भी मांग
आजमगढ़। अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर भाजपा युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष लालगंज एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य पुष्कर मिश्र ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर विस्तृत प्रार्थना पत्र सौंपा। मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव (मुख्यमंत्री) सूर्य पाल गंगवार ने प्रकरणों पर संज्ञान लेते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। ज्ञापन में नगर पंचायत अतरौलिया में मैनपावर कंपनी के माध्यम से कराए जा रहे नाली निर्माण, सड़क निर्माण, ई-मशीनरी, ब्लीचिंग पाउडर व अन्य सामग्रियों की खरीद में कथित फर्जी बिलों के जरिए भुगतान और व्यापक भ्रष्टाचार का आरोप लगाया गया है। शिकायत में कहा गया कि पूर्व में कई बार शिकायत के बावजूद प्रशासनिक साठगांठ के चलते कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी। मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। स्वास्थ्य सेवाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाते हुए मिश्र ने बताया कि अतरौलिया स्थित अमर शहीद राजा जयलाल सिंह 100 बेड अस्पताल में महिला चिकित्सकों व स्टाफ की भारी कमी है। एनेस्थीसिया विशेषज्ञ, रेडियोलॉजिस्ट, जनरल फिजिशियन और ईएमओ सहित कई विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद लंबे समय से रिक्त हैं, जिससे मरीजों को निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है। उन्होंने इन पदों पर शीघ्र नियुक्ति की मांग की। इसके अलावा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अतरौलिया, अहिरौला और कोयलसा में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड व रक्त जांच जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा महिला एवं शिशु रोग विशेषज्ञों की तैनाती का अनुरोध किया गया। 100 बेड अस्पताल में ब्लड बैंक की स्थापना की मांग भी की गई। ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में मरीजों को रक्त की उपलब्धता के लिए 45-50 किलोमीटर दूर जिला मुख्यालय जाना पड़ता है, जिससे आपात स्थिति में गंभीर समस्याएं उत्पन्न होती हैं। ज्ञापन में अतरौलिया क्षेत्र के प्रमुख पौराणिक स्थलों कालेश्वर धाम (कैलिया), बाबा प्रथम देव (बहिरा देव) और पौहारी बाबा स्थल के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण की मांग भी की गई, ताकि क्षेत्र की सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को संरक्षित किया जा सके। इसके अतिरिक्त पौहारी बाबा ग्राम सभा स्थित एक मदरसे से संबंधित शिकायत भी प्रस्तुत की गई, जिसमें पहचान छिपाकर निवास, भूमि कब्जे के प्रयास और फंडिंग की जांच की मांग की गई है। इस मामले में शासन स्तर पर निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई का अनुरोध किया गया है। पुष्कर मिश्र ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रयासरत हैं और मुख्यमंत्री स्तर पर मामला उठाए जाने से शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद है।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)