थाना प्रभारी ने दी सख्त चेतावनी, सौहार्द बनाए रखने की अपील
रिपोर्ट : आरपी सिंह
आज़मगढ़। होली और रमजान के त्यौहार को देखते हुए फूलपुर थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी फूलपुर अशोक कुमार ने की। इस दौरान थाना क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए प्रधानों, ग्रामीणों और सम्मानित नागरिकों से होलिका दहन व होली के दौरान उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं के संबंध में जानकारी ली गई। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार ने उपस्थित लोगों से कहा कि यदि किसी प्रकार की कोई समस्या हो तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने त्योहारों को सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की। थाना प्रभारी सच्चिदानंद ने ग्रामीणों और संभ्रांत नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की उद्दंडता क्षम्य नहीं होगी। क्षेत्र में मिली-जुली आबादी होने तथा रमजान के पवित्र माह को देखते हुए उन्होंने विशेष सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि होली के दौरान मस्जिदों पर या जो लोग रंग नहीं खेलना चाहते हैं, उन पर जबरन रंग न डाला जाए। साथ ही शराब या अन्य नशे का सेवन कर सड़कों पर घूमने और हुड़दंग करने से बचने की हिदायत दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि नशे की हालत में छोटी-छोटी बातें भी बड़ा रूप ले सकती हैं, जिससे माहौल खराब हो सकता है। किसी भी प्रकार की समस्या या विवाद की स्थिति में तत्काल थाना, क्षेत्राधिकारी या उपजिलाधिकारी को सूचना देने की अपील की गई। बैठक में नवनीत सिंह, गंगा राम बिंद, संजय यादव, मुनमुन, प्रमोद यादव, महेंद्र प्रसाद, वीरेंद्र यादव, भूषण, पवन जायसवाल, रत्नेश बिंद, राम आसरे यादव, अखिलेश, बबलू, सूबेदार यादव, चंद्रभान यादव सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे।







