खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन 26 जगह की छापेमारी, 1394 किलो खाद्य पदार्थ किये गये नष्ट
कुल 35 नमूने किए गए संग्रहित,940 किलो खाद्य पदार्थ सीज
आजमगढ़। जनपद में होली पर्व को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए व्यापक अभियान शुरू किया है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन लखनऊ तथा जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) के नेतृत्व में गठित टीमों ने विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की। खाद्य सचल दल ने सेहदा स्थित पनीर व खोया भंडारण इकाई पर छापा मारकर आगरा से लाकर संग्रहित किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने लिए। यहां से 02 खोया, 01 पनीर, 01 काजू बर्फी और 01 स्पेशल बर्फी का नमूना संग्रहित किया गया। अस्वच्छ परिस्थितियों और मिलावट की आशंका के चलते लगभग 548 किलो खोया (अनुमानित मूल्य 1,64,400), 149 किलो पनीर (44,700), 24 किलो काजू बर्फी (19,200) तथा 648 किलो स्पेशल बर्फी (99,200) जब्त कर नष्ट करने की कार्रवाई की गई। दूसरे सचल दल ने बोंगरिया बाजार मेंहनगर से बेसन और सरसों तेल, गोपालपुर मेंहनगर से खोया व छेना मिठाई, खरिहानी मेंहनगर से छेना मिठाई तथा मेंहनगर चौराहे से गुलाब जामुन मिक्स का नमूना संग्रहित किया। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेज दिया गया है। अभियान के तहत अब तक 26 छापेमार कार्रवाइयों में कुल 35 नमूने संग्रहित किए गए हैं। कुल 940 किलो खाद्य पदार्थ (मूल्य 69,340) जब्त कर सीज किए गए, जबकि 1394 किलो खाद्य पदार्थ (मूल्य 3,35,000) जब्त कर नष्ट किए गए हैं। सहायक आयुक्त (खाद्य) सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि होली तक यह अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि पैक्ड खाद्य सामग्री खरीदते समय बेस्ट बिफोर और एक्सपायरी तिथि अवश्य जांचें तथा अत्यधिक चमकीली व रंगीन मिठाइयों से परहेज करें। छापेमार दल का नेतृत्व मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी दीपक कुमार श्रीवास्तव ने किया, जिसमें कई खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामिल रहे।






