कैंसर से पीड़ित विधायक आइसोलेशन में, डॉक्टरों के प्रवेश पर भी रोक
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में मंगलवार को बहुजन समाज पार्टी (बहुजन समाज पार्टी) के इकलौते विधायक उमाशंकर सिंह के आवास पर आयकर विभाग की टीम ने छापेमारी की। गोमतीनगर स्थित उनके आवास और दफ्तर पर सुबह से कार्रवाई जारी है। सूत्रों के अनुसार, 50 से अधिक आयकर अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद हैं और दस्तावेजों की गहन जांच की जा रही है। कार्रवाई के दौरान पूरे परिसर को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया है। बताया जा रहा है कि विधायक उमाशंकर सिंह कैंसर से पीड़ित हैं और उनके दो बार ऑपरेशन हो चुके हैं। स्वास्थ्य कारणों से वह अपने लखनऊ स्थित आवास पर आइसोलेशन में रह रहे हैं। छापेमारी के दौरान डॉक्टर और नर्स के आने-जाने पर भी रोक लगा दी गई है। आयकर विभाग की टीम आवश्यक अभिलेखों और वित्तीय लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। फिलहाल कार्रवाई जारी है और विस्तृत जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है।







