आजमगढ़ में 16 संदिग्ध मानव संपदा आईडी का मामला, 6 शिक्षकों ने नहीं दिया जवाब

Youth India Times
By -
0





12 शिक्षकों को जारी हुई थी नोटिस, आधे ने सौंपा स्पष्टीकरण

6 शिक्षक गैरहाजिर, विभाग ने जारी की दूसरी नोटिस
आजमगढ़। जनपद में बेसिक शिक्षा विभाग के अंतर्गत मानव संपदा पोर्टल पर एक ही नाम, पिता का नाम और जन्मतिथि पर दो-दो आईडी पाए जाने के मामले में जांच तेज हो गई है। शासन से 16 संदिग्ध नामों की सूची जारी होने के बाद विभाग ने 12 शिक्षकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। बीएसए कार्यालय के अनुसार 12 में से 6 शिक्षकों ने अपना जवाब प्रस्तुत कर दिया है, जबकि शेष 6 शिक्षकों का अभी तक कोई उत्तर प्राप्त नहीं हुआ है। जिन शिक्षकों ने जवाब दिया है उनमें हिमांशु कुमार अस्थाना पुत्र नरेन्द्र कुमार अस्थाना (एक आईडी सुन्दरपुर कैथौली, मार्टिनगंज में सक्रिय, दूसरी हरैया क्षेत्र में निष्क्रिय), इन्द्रजीत पुत्र गोविन्द, रविकान्त पाण्डेय उर्फ रमेश पाण्डेय, संगीता देवी पुत्री मनोज कुमार, शैलेन्द्र कुमार यादव पुत्र चन्द्रमा यादव तथा सुरेन्द्र कुमार पुत्र हरिलाल यादव शामिल हैं। दूसरी ओर मनोज कुमार पुत्र जयनरायन, रवि प्रकाश मिश्र पुत्र जितेन्द्र प्रसाद मिश्र, सज्जन कुमार पुत्र श्रीराम, शेषनाथ यादव पुत्र सालिकराम यादव, दिग्विजय कुमार राय पुत्र रामनिवास राय और जयशंकर यादव पुत्र सीताराम यादव का जवाब अब तक बीएसए कार्यालय नहीं पहुंचा है। हरैया खंड शिक्षा अधिकारी के अनुसार नोटिस जारी होने के बाद रवि प्रकाश मिश्र और मनोज कुमार बिना सूचना विद्यालय से अनुपस्थित हैं। वहीं सज्जन कुमार और शेषनाथ यादव विद्यालय आ रहे हैं। तहबरपुर शिक्षा क्षेत्र से जुड़े दिग्विजय कुमार राय और जयशंकर यादव भी बिना सूचना के विद्यालय से गायब बताए जा रहे हैं। इस पूरे प्रकरण में शिक्षकों के बिना सूचना अनुपस्थित होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं। यदि जांच में नियुक्ति या आईडी में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित शिक्षकों के वास्तविक पते और पहचान की पुष्टि करना विभाग और पुलिस प्रशासन के लिए चुनौती बन सकता है। बीएसए राजीव कुमार पाठक ने बताया कि शासन से पत्र मिलने के बाद सभी को नोटिस जारी कर बुलाया गया था। छह शिक्षकों ने अब तक न तो जवाब दिया है और न ही कार्यालय में उपस्थित हुए हैं। ऐसे में उन्हें दूसरा मौका देते हुए पुनः नोटिस जारी की जा रही है।






Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)