आजमगढ़ : सेंट जेवियर्स स्कूल में कक्षा 12 के विद्यार्थियों का भव्य विदाई समारोह संपन्न

Youth India Times
By -
0





मां सरस्वती की वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ, स्नेह और भावनाओं से भरा रहा आयोजन
प्राचार्य ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं, मोमेंटो व उपाधियों से हुए सम्मानित
आजमगढ़। शनिवार को सेंट जेवियर्स स्कूल, सम्मोपर आजमगढ़ के प्रांगण में कक्षा 12वीं के सफल शैक्षिक समापन के उपलक्ष्य में विदाई समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर का उद्देश्य विद्यालय से विदा ले रहे विद्यार्थियों के प्रति स्नेह, सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त करना तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करना रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष आवासीय प्रबंध निदेशक प्रदुम्न जायसवाल, अनिरुद्ध जायसवाल, प्राचार्य विनय पाण्डेय, उप-प्राचार्य संजय पाण्डेय एवं समन्वयिका शालिनी त्रिपाठी द्वारा दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों ने इस अनमोल समय को एक-दूसरे के साथ साझा करते हुए यादगार बना दिया। छात्रों ने अपने विद्यालयी जीवन की सफलता, मित्रता और अनुभवों को साझा किया तथा एक-दूसरे को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर प्राचार्य विनय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी ही देश का भविष्य होते हैं। जीवन में सफलता के मार्ग पर कठिनाइयाँ अवश्य आती हैं, लेकिन ईमानदारी, धैर्य और परिश्रम से हर लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने छात्रों से अपने माता-पिता, गुरुजनों और देश के प्रति कर्तव्यों को सदैव याद रखने तथा एक अच्छे इंसान बनने की सीख दी। विदाई समारोह के दौरान सीनियर विद्यार्थियों ने जूनियर छात्रों के साथ अपनी खट्टी-मीठी यादें साझा कीं। कई छात्र-छात्राएं एक-दूसरे से गले मिलकर भावुक हो गए और भविष्य में संपर्क बनाए रखने का वादा किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न के रूप में मोमेंटो प्रदान किए गए। समारोह को और भी रोचक एवं यादगार बनाने के लिए विद्यार्थियों को विभिन्न उपाधियों और आकर्षक उपहारों से सम्मानित किया गया। पूरा आयोजन उल्लास, भावनाओं और आत्मीयता से परिपूर्ण रहा।

Post a Comment

0Comments

Post a Comment (0)